दिनांक ७.९.२०१०
०८००
समाचार प्रभात
मुख्य समाचारः-०८००
समाचार प्रभात
- बिहार विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा, २१ अक्तूबर से २० नवम्बर तक छह चरणों में मतदान। वोटों की गिनती २४ नवम्बर को।
- प्रधानमंत्री ने कहा-नक्सल समस्या का जल्दबाजी में समाधान संभव नहीं। विकास के साथ-साथ कानून और व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की नीति की आवश्यकता पर बल।
- पाकिस्तान सरकार का पिछले पांच वर्ष में देश की क्रिकेट टीम से जुड़े सभी खिलाड़ियों की सम्पत्ति की जांच कराने का फैसला।
- रोहन बोपन्ना और ऐसाम उल हक कुरैशी की जोड़ी अमरीकी ओपन टेनिस के डबल्स के क्वार्टर फाइनल में।
----
बिहार में विधानसभा चुनाव २१ अक्तूबर से २० नवम्बर तक छह चरणों में कराये जायेंगे। दो सौ ४३ सदस्यीय विधानसभा के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. एस० वाई० कुरैशी ने कहा कि त्यौहारों, केन्द्रीय बलों की उपलब्धता तथा कानून-व्यवस्था सहित कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए चुनाव की तारीखें तय की गई हैं।चुनाव छह चरणों में होंगे। पहले चरण में ४७ सीटों के लिए २१ अक्तूबर को दूसरे चरण में ४५ सीट के लिए २४ अक्तूबर को और तीसरे चरण में ४८ सीट के लिए २८ अक्तूबर को। चौथे चरण में पहली नवंबर को ४२ सीट के लिए। पांचवे चरण में ९ नवंबर को २५ सीट के लिए और छठे चरण में २० नवंबर को २६ सीट के लिए मतदान होगा। चौथे चरण के साथ ही बांका लोकसभा सीट के लिए भी मतदान पहली नवंबर को होगा। मतगणना २४ नवंबर को होगी।
राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
---
राज्य के राजनीतिक दलों ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। चुनाव को ठीक ढंग से कंडक्ट कराना सिर्फ राज्य सरकार की चुनौती नहीं है। चुनाव आयोग के सामने चुनौती है और केन्द्र सरकार जहां कोई चुनाव नहीं हो रहा उनके लिए भी चुनौती है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया ठीक ढंग से पूरी की जाए।
राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न होने की आशा व्यक्त की है।
हर मतदाता भाई और बहनो को मतदान में हिस्सा लेने के लिए फोटो पहचान पत्र उपलब्ध कराना इलेक्शन कमीशन का दायित्व है और किसी को कोई छेड़छाड नहीं करे कोई दबाये नहीं यह हम लोग की अपेक्षा रहेगी और समय-समय पर जहां भी शिकायत मिलेगा चुनाव आयोग को इलेक्शन कमीशन को पार्टी के द्वारा हम लोग सूचित भी करेंगे और बिहार में बिल्कुल पीसफुल चुनाव होंगे यह हमारी अपेक्षा है।
-----
प्रधानमंत्री ने कहा है कि नक्सल समस्या का जल्दबाजी में कोई हल नहीं हो सकता। अपने सरकारी निवास पर संपादकों के समूह से बातचीत में डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि यह समस्या पहले से बढ़ गई है और इससे निपटने के लिए आर्थिक और सामाजिक मुद्दों का समाधान करने के साथ ही, कानून और व्यवस्था को भी लागू करना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि गृहमंत्री पी चिदम्बरम बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। संसद के शीतकालीन अधिवेशन से पहले अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल का संकेत देते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों की औसत आयु कम करना चाहेंगे। डॉ. सिंह ने कांग्रेस पार्टी और सरकार के बीच मदभेदों की खबरों को खारिज कर दिया। राष्ट्रमंडल खेल तैयारियों में देरी और खामियों को स्वीकार करते हुए डॉ. सिंह ने सभी लोगों से इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि कश्मीर घाटी की स्थिति पर विचार करने के लिए इस हफ्ते बाद में सुरक्षा संबंधी मंत्रिमंडलीय सदस्यों की बैठक होगी।
----
कश्मीर घाटी में श्रीनगर शहर के कई हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। बारामूला जिले में पलहालन में पुलिस फायरिंग के विरोध में प्रदर्शनों और झड़पों के बाद ऐसा किया गया है। इस घटना में चार लोग मारे गए और आठ घायल हो गए। बारामूला, पट्टन और अनन्तनाग सहित कई अन्य शहरों में भी कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लगाए गए हैं। -----
केन्द्र ने उच्चतम न्यायालय से कहा है कि गरीबों को अनाज बांटने के मुद्दे पर उसका न्यायालय से टकराव का कोई इरादा नहीं है। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल मोहन पाराशरन ने न्यायमूर्ति दलवीर भंडारी और न्यायमूर्ति दीपक वर्मा की पीठ के समक्ष कहा कि मीडिया में आयी गलत खबरों से ऐसी धारणा बनी है कि सरकार इस मुद्दे पर न्यायपालिका के साथ उलझना चाहती है। श्री पाराशरन ने कहा कि न्यायालय के पहले के आदेश के अनुसार केन्द्र ने बीपीएल कीमतों पर वितरण करने के लिए राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को २५ लाख टन अतिरिक्त खाद्यान्न जारी करने का फैसला किया है।
इसी से जुड़े एक घटनाक्रम में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि उच्चतम न्यायालय को नीति निर्धारण के क्षेत्र में नहीं आना चाहिए। अपने आवास पर संपादकों से बातचीत में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने उच्चतम न्यायालय के अंतिम फैसले को नहीं देखा है, लेकिन वे इस फैसले की भावनाओं का आदर करते हैं कि अनाज जब सड़ रहा है तो गरीबों की आवश्यकताएं पूरी करने के तौर-तरीके सुनिश्चित किए जाएं।
----
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के बीच बातचीत में रक्षा, व्यापार और निवेश क्षेत्रों में आपसी संबंध मज+बूत करने पर मुख्य रूप से चर्चा होगी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में समझौता होने की संभावना है। विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव वनश्री बोस हेरिसन ने नई दिल्ली में बताया कि कई अन्य समझौते भी हो सकते हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने बताया कि पोलैंड सिर्फ रक्षा उपकरणों की बिक्री का ही इच्छुक नहीं है बल्कि वह प्रौद्योगिकी का हस्तांतरण भी चाहता है। पोलैंड के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेंगे। वे यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज और विदेश मंत्री एस एम कृष्णा से भी मिलेंगे।
-----
पाकिस्तान सरकार ने पिछले पांच वर्ष में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले वर्तमान और पूर्व खिलाड़ियों की सम्पत्ति की जांच करने का फैसला किया है। समाचार पत्र में छपी खबर के अनुसार संघीय राजस्व ब्यूरो ने अपने क्षेत्रीय अधिकारियों को क्रिकेट खिलाड़ियों के बैंक खातों और अन्य संपत्तियों का ब्यौरा एकत्र करने का निर्देश दिया है।पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से भी खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं, प्रशिक्षकों और प्रबंधकों पर आने वाले खर्च का ब्योरा देने को कहा गया है।
----
अमरीकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में भारत के रोहन बोपन्ना और पकिस्तान के ऐसाम उल हक़ कुरैशी की जोड़ी पुरूषों के डबल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। उन्होंने कनाडा के डेनियल नेस्टर और सेर्बिया के नेनाद जिमोंजिक को ६-३, ६-४ से हराया। अब उनका मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के वेजली मूडी और बैल्जियम के डिक नॉर्मन से होगा।भारत के लियंडर पेस और जिम्बाब्वे की काराब्लैक मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।
----
अर्जेंटीना में महिला विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता में आज भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। भारत ने कल जापान को दो शून्य से हराया। पूल-ए के अन्य मैचों में हॉलैंड ने जर्मनी को दो एक से और ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को चार एक से पराजित किया। -----
केरल के मल्लापुरम जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या १७ हो गई है। छह लोग पुट्टीपुरम में, चार तिरूर में और सात वंदूर में मारे गए। १२५ लोगों को कोज+ीकोड़ मेडिकल ऑफ कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।मुख्यमंत्री वी एस अच्युतानंदन ने इस घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिये हैं। मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। राज्य के गृहमंत्री कोडीयेरी बालकृष्णन ने बताया कि पुलिस की अपराध शाखा का विशेष दल घटना की जांच करेगा।
----
सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करने वाले ज्यादातर कर्मचारी आज देशव्यापी हड़ताल पर हैं। आठ प्रमुख टे्रड यूनियनों के आह्वान पर जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ने और यूपीए सरकार की कथित कामगार विरोधी नीतियों के विरोध में यह हड़ताल की गई है। पश्चिम बंगाल से हमारे कोलकाता संवाददाता ने खबर दी है कि शहर की ज्यादातर दुकानें और प्रतिष्ठान बंद हैं। सार्वजनिक वाहन भी नहीं चल रहे हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों की आवाजाही सामान्य है हालांकि कुछ निजी एयरलाइंस ने हड़ताल की वजह से अपनी उड़ाने रद्द कर दी हैं। ----
राजस्थान के सभी मेडिकल कॉलेजों में रेजीडेंट डॉक्टरों की हड़ताल जारी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डॉक्टरों से काम पर लौट आने की अपील की है। उन्होंने हड़ताल को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
कल देर रात वरिष्ठ चिकित्सकों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का निश्चय किया और अस्पतालों में इससे थोड़ी राहत मिलेगी। राज्य सरकार ने भी जोधपुर की घटना और रेजीडेंट डॉक्टर्स की मांगों को लेकर एक सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है। इस समय जबकि प्रदेश में स्वाइन फ्लू और दूसरी मौसमी बीमारियों का असर लगातार बढ़ रहा है, सैकड़ों मरीज अस्पतालों से बिना इलाज के लौट रहे हैं और इन छह मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों में ऑपरेशन भी टाले जा रहे हैं। राज्य सरकार ने हड़ताल से निपटने के लिए २०१ वरिष्ठ चिकित्सकों को अलग-अलग अस्पतालों में नियुक्त किया है और अतिरिक्त एम्बुलेंसों की भी व्यवस्था की है। ऐसा माना जा रहा है कि राज्य सरकार जल्दी ही हड़ताली रेजीडेंट डॉक्टरों के खिलाफ कोई कड़े कदम उठा सकती हैं।
----
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक वर्षा से गंगा, रामगंगा, घाघरा और राप्ती नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। इससे राज्य के पश्चिमी और तराई वाले जिलों में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई है। हमारे संवाददाता ने बताया कि बिजनौर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बहराइच और गोंडा जिलों पर बाढ़ का सबसे अधिक असर है। गोंडा और बहराइच जिलों में जलमग्न गांवों की संख्या बढ़कर १८० हो गई है। परसावल में टूटे तटबंध से आ रहा पानी गोंडा जिले की करनलगंज तहसील के कई नए क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले चुका है। अचानक आई बाढ़ से धान, मक्का, ज्वार और बाजरा की फसलें नष्ट हो गई हैं। अगले २४ घंटों में राज्य में व्यापक वर्षा की भविष्यवाणी के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी हैं।
----
केन्द्र, उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को चार प्रतिशत ब्याजदर पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा वित्त निगम बनाने पर विचार कर रहा है। केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने बताया कि निगम देश में उच्च शिक्षा के केन्द्र खोलने के लिए भी उदार शर्तो पर ऋण देगा। -----
समाचार पत्रों सेनईदुनिया की बैनर हेडलाइन है-बंधक रिहा, अब बिहार में चुनावी रण, विशेष उल्लेख में है-नीतीश ने एकसाथ कई निशाने साधे। देशबंधु में राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद का बयान है-रिहाई का श्रेय न ले नीतीश सरकार।
नक्सल समस्या पर दैनिक आज समाज की संपादकीय टिप्पणी है-विकास की कमी की शिकायत करने वाले माओवादी ट्रेन उड़+ा देते हैं, जो विकास की वाहक है। अब तो आदिवासियों को भान होना चाहिए कि माओवादी अपने तथाकथित आंदोलन में उनका इस्तेमाल एक हथियार की तरह कर रहे हैं।
गरीबों को मुफ्त अनाज बांटना संभव नही-प्रधानमंत्री के इस बयान को नवभारत टाइम्स ने बड़ी खबर बनाया है। नीतिगत मामलों में दखल न दे सुप्रीम कोर्ट-बयान का यह अंश, जनसत्ता, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी और राष्ट्रीय सहारा की पहली सुर्खी है।
जनसत्ता की बड़ी खबर है-टप्पल के बाद भी जारी रहेगा उत्तर प्रदेश के किसानों का आंदोलन, किसान संगठनों ने बसपा सरकार पर आंदोलन तोड़ने का आरोप लगाया।
दैनिक जागरण की विशेष खबर में है-कश्मीर में जारी गतिरोध दूर करने के लिए जल्दी ही केंद्र सरकार की अहम पहल, राहत पैकेज के साथ कश्मीर जाएंगे चिदंबरम।
जनसत्ता के व्यापार पन्ने पर है-प्रधानमंत्री के सामने चीनी क्षेत्र को नियंत्रण मुक्त करने का सुझाव पेश करने के बाद कृषि मंत्री शरद पवार इस योजना के अध्ययन के लिए कल ब्राजील जा रहे हैं।
सेंट्रल ट्रेड यूनियनों की आज घोषित हड़ताल की खबर नवभारत टाइम्स के मुखपृष्ठ पर सबसे ऊपर है। दैनिक जागरण की सुर्खी है-
महंगाई के मुद्दे पर आज देशभर में आम हड़ताल।
बिजनेस भास्कर की पहली सुर्खी है-अमरीका में ज्यादा रोजगार से शेयर बाजार में बहार। अंदर के पन्ने पर है-बुला रहा है भारत का कारोबारी माहौल, सिलिकन वैली के भारतीय स्वदेश में संभावना तलाश रहे हैं।
नईदुनिया के पहले पन्ने पर है-राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों पर भारी पड़ती बारिश, बेचैन सरकार मौसम विभाग की शरण में। हिंदुस्तान का कहना है-वर्षा की भविष्यवाणी से छूट रहे हैं पसीने। बकौल राजस्थान पत्रिका-अभी एक महीने तक और रहेगा मॉनसून।
इदुल फितर की दस्तक सभी अखबारों में अलग-अलग अंदाज में है। दैनिक ट्रिब्यून में है-इफ्तार दावत में हिंदू-मुस्लिम एकता का संगम दिखा, हिंदुओं ने मिलकर खुलवाए रोजे।
-----



News at Nine (6 September)