National, International, Business, Sports, Local News On All India Radio
          Advanced Search    Audio Search    News Archives   Audio Archives       
newsonair : All India Radio, News Services Division
Home
National
International
Business
Sports
News From States
Feedback
-------------
Art & Culture
:: Sci. & Tech. ::
  MaxoC MinoC
Delhi 33 25
Kolkata 33 27
Chennai 33 26
Mumbai 29 26
Bangaluru 27 19
As On  7-September-2010 
मुख्य समाचार
NEWS FEATURE
   Photo Gallery
Results
---------------
PTC Details
RNU Details
News Schedule
AIR CODE
SMS Service
NOP Service
Citizen's Charter
Related Sites
Tenders
RTI
About Us
Contact Us
 
 BULLETINS Back 

दोपहर समाचार

 ६.०९.२०१०
दोपहर समाचार
१४३०
मुख्य समाचार
  • माओवादियों ने तीन अपहृत पुलिसकर्मियों को रिहा किया। बिहार के  मुख्यमंत्री की नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्य धारा में शामिल होने की अपील।
  • प्रधानमंत्री ने संसद के शीतकालीन अधिवेशन से पहले मंत्रिमंडल मे फेरबदल करने का संकेत दिया।
  • जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए।
  • पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम में बम विस्फोट में बीस लोग मारे गए और अनेक घायल।
  • सेंसेक्स में आज दोपहर बाद के कारोबार में तीन सौ से अधिक अंकों का उछाल।
  • अर्जेंटीना में महिला विश्व कप हॉकी में भारत ने जापान को हराया।  
-------
 बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नक्सलवादियों से मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की है। बंधक बनाये गये पुलिसकर्मियों की रिहाई पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री नीतीश कुमार ने नक्सलवादियों से हिंसा त्यागने की अपील की और कहा कि हिंसा के ज+रिए किसी समस्या का हल नहीं हो सकता।
 
ूमैं आग्रह करूंगा जो हमारे वामपंथी उग्रवादी संगठन के लोग है, उनसे कि देखिए किसी भी समस्या का समाधान हिंसा के द्वारा कभी संभव नहीं। यह बहुत बड़ा देश है विभिन्न प्रकार की भाषाएं हैं, संस्कृतियां हैं बोली है, रीतिरिवाज है, धर्म संप्रदाय है और इस प्रकार के देश में अगर कोई चाहेगा कि हिंसक तरीको से हम देश की बागडोर संभाल लेंगे और इस देश को चला लेंगे तो यह सोचना  सही नहीं है। इसलिए सब लोगों से आग्रह करूंगा कि आइए मुख्य धारा में जुड़िए।
 श्री नीतिश कुमार ने संकट की घड़ी में सरकार को पूरा समर्थन देने के लिए सभी दलों के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने राज्य में नक्सली समस्या से निपटने के लिए, केंद्र से और अर्ध सैनिक बल उपलब्ध कराये जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान सभी मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किये जाने चाहियें ताकि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हो सकें।
 इस बीच राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाद यादव और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान ने कहा कि माओवादियों ने  अपहृत पुलिसकर्मियों को मानवीय आधार पर रिहा किया है, नीतीश सरकार इसका श्रेय नहीं ले सकती। दूसरी तरफ जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष शरद यादव ने विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल, लोकजनशक्ति पार्टी और कांग्रेस पर बंधक संकट को लेकर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की रिहाई बहुत संतोष और प्रसन्नता की बात है।
 माओवादियों द्वारा आज सुबह बंधक बनाये गये तीन पुलिसकर्मियों को लखीयसराय जिले के वन क्षेत्र में छोड़े जाने के साथ ही नौ दिन से चला आ रहा बंधक संकट समाप्त हो गया है। हमारे संवाददाता ने राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि के हवाले से बताया कि ये अपहृत पुलिसकर्मी, रूपेश कुमार सिन्हा, अभय यादव और मोहम्मद एहसान खान लक्खोचक गांव के निकट जंगल में मिले।
 
बंधक बनाए गए सुरक्षा कर्मियों की सकुशल रिहाई हो जाने के बाद राज्य सरकार काफी राहत महसूस कर रही है। पुलिस कर्मियों की रिहाई के बदले ८ माओवादियों को जेल से छोड़े जाने की मांग में नीतिश सरकार को पसोपेश में डाल दिया था। नक्सली कार्रवाई को लेकर विपक्षी दल भी राज्य सरकार की आलोचना कर रहे थे। नक्सलियों के कब्जे से मुक्त हो जाने के बाद पुलिसकर्मी के घर उल्लास का माहौल है।

       तलााशी अभियान के दौरान माओवादियों के ७ एरिया कमांडरों को गिरफ्‌तार किया गया। माओवादियों के स्वयंभू प्रवक्ता अविनाश ने कहा कि इन पुलिसकर्मियों को मानवीय आधार पर छोड़ा गया है और उनके परिवारों को सौंप दिया गया है।
   पिछले रविवार को लखीयसराय जिले के कजरा जंगलों में सुरक्षाबलों के साथ ज+बर्दस्त गोलीबारी के बाद माओवादी चार पुलिसकर्मियों को अगुवा करके ले गये थे, जिनमें बिहार मिलिट्री पुलिस के लुकस टेटे की उन्होंने हत्या कर दी थी।
-------
 कश्मीर घाटी के कुपवाड़ा जिले में हंदवाड़ा के अफरोजा जंगलों में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए हैं। इन घने जंगलों में कुछ आतंकवादियों के छुपे होने की सूचना मिलने पर कल शाम सुरक्षाबलों ने इस इलाके को घेर लिया था,जिसके बाद हुई मुठभेड़ में ये आतंकवादी मारे गए। ताजा समाचार मिलने तक मुठभेड़ जारी थी। और ब्यौरे की प्रतीक्षा है।
-------
 प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने संसद के शीतकालीन अधिवेशन से पहले अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल का संकेत दिया है। आज नई दिल्ली में कुछ चुने हुए संपादकों के समूह से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे अपने मंत्रिमंडल में औसत आयु कम करना चाहेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका मंत्रिमंडल काफी अच्छे तालमेल के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और सरकार के बीच कोई मतभेद होने की बात को खरिज कर दिया। डॉक्टर सिंह ने कहा कि उनका इरादा अभी अवकाश ग्रहण करने का नहीं है। अनाज को गोदामों में सड़ने देने की बजाय गरीबों में मुफ्त बांटने के उच्चतम न्यायालय के हाल के आदेश के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को मुफ्त अनाज कैसे दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग ३७ प्रतिशत आबादी गरीबी की रेखा से नीचे रहती है। डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा कि उच्चतम न्यायालय को नीतिगत मामलों में दखल नहीं देना चाहिए। यह स्वीकार करते हुए कि राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी में कुछ खामियां और देरी हुई है, प्रधानमंत्री ने सभी लोगों से इन खेलों को सफल बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की। नक्सली समस्या के बारे में डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा कि इस मुद्दे का जल्दबाजी में हल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि उचित आर्थिक और सामाजिक मुद्दे हल करने होंगे, लेकिन साथ ही कानून और व्यवस्था भी कायम करनी होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि गृहमंत्री बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और उन्हें, उनका पूरा विश्वास और समर्थन प्राप्त है। डॉक्टर सिंह ने कहा कि कश्मीर की स्थिति पर विचार करने के लिए जल्दी ही मंत्रिमंडल की सुरक्षा संबंधी समिति की बैठक बुलायी जाएगी।
-------
 पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क की आज से शुरू हुई भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और व्यापार क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाने के बारे में विशेष रूप से बातचीत होगी। वे आज बंगलौर पहुंच चुके हैं जहां उद्योग जगत के नेताओं के साथ उनकी बातचीत शुरू हो चुकी है। कल वे नई दिल्ली में प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह से बातचीत करेंगे। बाद में वे राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल, उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात करेंगे। तीन दिनों की अपनी यात्रा के दौरान पोलैंड के प्रधानमंत्री विदेश मंत्री एस एम कृष्णा और विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज से भी भेंट करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने आज नयी दिल्ली में पत्रकारों को बताया कि पोलैंड न केवल रक्षा उपकरणों की बिक्री में दिलचस्पी रखता है बल्कि उसकी रूचि प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण और खराब हुए विमानों और टैंकों की मरम्मत करने में भी है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के नेताओं के बीच आपसी हितों के अलावा क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी। अगले दो वर्षों में सांस्कृतिक आदान-प्रदान के बारे में एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किये जाएंगे।
 भारत और पोलैंड के बीच चार अरब १२ करोड़ अमरीकी डॉलर का आपसी व्यापार होता है। श्री प्रकाश ने बताया कि भारतीय कंपनियां पोलैंड में निवेश कर रही हैं और इस समय करीब २० प्रमुख कंपनियां पोलैंड के आईटी क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि भारत यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार क्षेत्र समझौते की प्रगति के बारे में भी दोनों देशों के नेताओं के बीच बातचीत होने की संभावना है।
-------
 श्रीलंका की यात्रा पर गए सेनाध्यक्ष जनरल वी.के. सिंह ने आज श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे, प्रधानमंत्री डी.एम जयरत्ने और रक्षा सचिव जी.राजपक्षे से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग से संबंधित मुद्दों पर बातचीत की। हमारी संवाददाता ने बताया कि सुबह कोलम्बो में सेना मुख्यालय में उन्हें रस्मी गार्ड आफ ऑनर पेश किया गया।
 
भारतीय सेना प्रमुख जनरल वी०के० सिंह आज अपने दूसरे दिन के दौरे पर श्रीलंका के राष्ट्रपति से मिलने गए। बाद में उन्होंने यहां के प्रधानमंत्री तथा रक्षा सचिव गोथा बहराजपक्षा से मिलकर सैन्य संबंधी और. रक्षा सहयोग जैसे विषयों पर बातचीत की। आज शाम जनरल सिंह शांति सेना के उन भारतीय शहीदों को श्रद्धांजलि देने उनके स्मारक स्थल पर भी जाएंगे।
-------
ओमान बंद पड़े उर्वरकों संयंत्रों को फिर से चालू करने के लिए भारत में तीन अरब अमरीकी डॉलर का निवेश करेगा। कल मस्कत में भारत-ओमान संयुक्त आयोग की बैठक के छठे दौर की समाप्ति के बाद वाणिज्य मंत्री आनन्द शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कदम से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। दोनों पक्ष इस बारे में एक वरिष्ठ कार्यसमूह का गठन करने पर सहमत हो गए हैं।
 संयुक्त आयोग की बैठक में द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों और व्यापार बढ़ाने के तौर-तरीकों की समीक्षा की गई। मंदी के बावजूद दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़कर चार दशमलव पांच अरब हो गया।
 भारत और ओमान ने कई अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
-------
 पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके के लक्की मरवात में आज सुबह हुए एक आत्मघाती बम हमले में कम से कम २० लोग मारे गये हैं और ४० अन्य घायल हुए हैं। खबरों के अनुसार हमलावर ने खैबर पख्तूनख्वा सूबे के लक्की मरवात के पुलिस थाने की दीवार से विस्फोटकों से लदी अपनी कार को टकरा दिया। मारे गये लोगों में ११ पुलिसकर्मी और चार स्कूली बच्चे हैं। इस विस्फोट में पुलिस थाने के अलावा एक मस्जिद और एक सरकारी दफ्तर पूरी तरह से नष्ट हो गये हैं जबकि पास की दो सरकारी इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।
 यह घटना आज सुबह करीब सात बजे उस समय हुई जब थाने में तैनात ४५ पुलिसकर्मियों में से अधिकांश सेहरी के बाद सो रहे थे। एक स्कूली बस उसी समय वहां से गुजर रही थी। बिजली के एक नंगे तार के बस पर गिर जाने से चार बच्चों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गये। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
-------
 अफगानिस्तान में तालिबान आतंकवादियों ने १८ सितम्बर के संसदीय चुनाव के दौरान मतदान केन्द्रों पर हमला करने की घोषणा की है और लोगों से इसका बहिष्कार करने को कहा है। तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने कहा है कि इस चुनाव से केवल उन विदेशियों को ही लाभ होगा जो देश में अपनी पकड़ बनाए रखना चाहते हैं।
 हमारे संवाददाता ने बताया है कि १८ सितम्बर को होने वाले संसदीय चुनाव में दो सौ ४९ सदस्य चुने जाने हैं। दो हजार पांच सौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें अनेक महिला उम्मीदवार भी हैं।
 
तालिबान और अन्य आतंकी संगठन अफगानिस्तान में किसी चुनाव या राजनीतिक प्रक्रिया का बहिष्कार करते रहे है और संसदीय चुनाव के बारे में घोषणा  इसी दिशा में एक कड़ी है। पिछले साल सम्पन्न राष्ट्रपति चुनाव के दौरान प्रति तालिबान के बहिष्कार और हिसंक घटनाओं के कारण मतदान कम हुआ था और बिगड़ती सुरक्षा में इस बार भी मतदान कम हो सकता है। चुनाव पूर्व हिंसा में अभी तक चार उम्मीदवारों और पांच समर्थकों की मौत हो चुकी है। वहीं दूर-दराज के इलाकों में प्रचारित कार्यों को अंजाम देना दुष्कर साबित हो रहा है। अफगान चुनाव आयोग ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद लगभग नौ सौ मतदान केंद्रों पर चुनाव न कराने का फैसला किया है और इन क्षेत्रों में स्थित लोगों को किसी और मतदान केंद्र तक जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना पड़ेगा।
-------
 नेपाल में प्रधानमंत्री पद के चुनाव के लिए आज छठी बार हुए मतदान में भी कोई नतीजा नहीं निकल सका। दोनों उम्मीदवार-युनीफाइड सीपीएन-माओवादी के पुष्प कमल दहल प्रचंड और नेपाली कांग्रेस के रामचन्द्र पौडियाल संसद में साधारण बहुमत हासिल नहीं कर सके।
 संसद के स्पीकर सुभाष नेमवांग ने बताया कि डाले गए कुल ५०४ वोटों में से श्री प्रचंड को २४० और श्री पौडियाल को १२२ वोट मिले। कोई भी उम्मीदवार बहुमत के लिए जरूरी ३०० मत नहीं प्राप्त कर सका।
-------
 गुजरात विधानसभा का दो दिवसीय मॉनसून सत्र आज से गांधी नगर में शुरू हुआ। पहले दिन निवर्तमान दिवंगत और पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। सदन ने पूर्व उपराष्ट्रपति स्वर्गीय श्री भैरोंसिंह शेखावत को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। हमारे अहमदाबाद संवाददाता ने खबर दी है कि सदन की दूसरे दिन की कार्यवाही में काफी शोर-शराबे की संभावना है, क्योंकि पूर्व गृह राज्यमंत्री अमित शाह की गिरफ्तारी के बाद सदन की यह पहली बैठक है। सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ के सम्बन्ध में उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
-------
 उत्तर प्रदेश के कुछ पश्चिमी जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। इन जिलों में गंगा का पानी उफान पर है। बिजनौर के ५० गांव बाढ़ग्रस्त हैं, जबकि गंगा से लगे शहरों मुजफ्फरनगर और मेरठ के अनेक गांव पानी से घिर गए हैं। कल उत्तराखण्ड के ऊपरी क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा के कारण हरिद्वार बांध से एक लाख २५ हजार क्यूसिक पानी गंगा में छोड़ा गया। हमारे गोरखपुर संवाददाता ने खबर दी है कि गोंडा और बेहराइच जिलों में भी स्थिति गंभीर है। इन जिलों के एक सौ ७५ गांव बाढ़ ग्रस्त हैं।
 
गौंडा जिले में टापू बन गए गांव में हजारों लोग फंसे हुए है। नावों के द्वारा उन्हें राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। कई स्थानों पर लोग जल जनित बीमारियों का शिकार हो गए है और चिकित्सा टीमें उन तक पहुंच नहीं पा रही है। गौंडा की करनल तहसील गंज सबसे ज्यादा प्रभावित है जहां घाघरा का पानी अभी भी नये क्षेत्रों में घुंस रहा है। घाघरा और राप्ती का घटना रूक गया है। केंद्रीय जल आयोग में अगले २४ घंटे के दौरान इनके जलस्तर में वृद्धि की संभावना जताई है, क्योंकि इनके जल ग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई है। बार-बार आने और जाने वाली बाढ़ में तराई और पूर्वी क्षेत्र में जीवन संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया है।
-------
 उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आज चट्टानें गिरने से दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। इस बीच, व्यापक रूप से लगातार हो रही वर्षा से सड़क यातायात व दूरसंचार सेवाओं पर विपरीत असर पड़ा है। हमारे संवादददाता ने बताया है कि मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में वर्षा जारी रहने की संभावना व्यक्त की है।
 
प्राप्त सूचना के अनुसार राज्य में बारिश के कारण अब तक सौ लोगों की मृत्यु हो गई है, जबकि करीब डेढ़ हजार मकान और सम्पर्क मार्गों के साथ ही नौ सौ सड़के क्षतिग्रस्त हुई है। पिथोरागढ़ जिले के बांग्ला में कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर आज चट्टानें गिरने से दो ग्रामीणों की मृत्यु हो गई। इसे मिलाकर पिछले चौबीस घंटों में बारिश के कारण पांच लोगों की जाने गई है। इस बीच उधमसिंह नगर में नानकमत्ता के निकट एक बरसाती नदी में स्कूली बस बह गई, जिसमें सवार तेईस छात्रों को सुरक्षित बचा लिया गया है। उधर, राज्य में ज्यादातर स्थानों पर आज मौसम साफ है।
-------
 राजधानी दिल्ली में आज भी भारी वर्षा हो रही है, जिससे जगह-जगह पानी भर गया। मौसम विभाग ने कहा है कि पिछले चौबीस घंटों में दिल्ली में १८ मिलीमीटर वर्षा हुई और न्यूनतम तापमान २४ दशमलव चार डिग्री सैलसियस हो गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में और वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
 इस बीच लगातार वर्षा के कारण यमुना नदी का जल स्तर २०४ दशमलव आठ-तीन मीटर के खतरे के निशान के पास पहुंच गया है।
-------
 भारी वर्षा के कारण शिमला के प्रसिद्ध ऐतिहासिक रिज+ मैदान का एक हिस्सा ढह गया है जिससे तिब्बती बाजार की कई दुकानों के लिए ज+बर्दस्त खतरा पैदा हो गया है। हमारी संवाददाता ने खबर दी है कि वर्षा से राज्य भर में विशेष रूप से ऊपरी शिमला में सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा है जिससे लोगों को लगातार ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है।

हिमाचल प्रदेश में लगातार रूक-रूक कर हो रही वर्षा से उत्तरी इलाकों में सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। खराब सड़कों की वजह से सेब उत्पादक क्षेत्र में ट्रकों के मालिक जाने से आनाकानी कर रहे हैं और सैकड़ों पेट्टियां सड़कों पर पड़ी खराब हो रही है। भारी बरसात से शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर दरार  आने के बाद कल वे दो मीटर तक घट गया, जिससे शिमला को पानी की आपूर्ति करने वाला २५ लाख लीटर क्षमता वाले भंडारण का भी खतरा पैदा हो गया है। हालांकि इसी क्षेत्र में बना हुआ ऐतिहासिक जे.पी. थियेटर फिलहाल सुरक्षित है। नंदिनी मित्तल, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
 भाखड़ा बांध का जल स्तर उसकी क्षमता से ज्यादा होने के कारण कल उसके चारों गेट खोल दिए गए। इस बीच मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में और वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
-------
 आन्ध्र प्रदेश के विभिन्न जिलों में मॉनसून और बंगाल की खाड़ी में हवा ेके कम दबाव के कारण भारी वर्षा हो रही है। ऊपरी क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण, निचले इलाकों की नदी, नालों और जलाशयों में पानी भरा गया है। राज्य सरकार ने जिला कलेक्टरों को सावधान रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क कर दिया है।
-------
मानसून की अच्छी बारिश को देखते हुए इस बार पिछले साल की तुलना में बेहतर खरीफ फसल की उम्मीद की जा रही है। इस मौसम में तकरीबन ८३ लाख हैक्टेयर अधिक ज+मीन पर बुआई की गई है।
 इस बीच, वित्त मंत्रालय के मुख्य आर्थिक सलाहकार  कौशिक बसु ने नई दिल्ली में कहा कि गरीब लोगों के लिए अनाज छोटे खेप में वितरित की जानी चाहिए। उन्होंने आशंका जाहिर की बड़ी खेप में अनाजों को जारी करने पर यह अनाज गरीबों के बजाय गलत हाथों में पहुंच सकता है।  
-------
 आकाशवाणी से आज प्रसारित होने वाले कार्यक्रम ÷पब्लिक स्पीक' का विषय हैः अनाज के भंडार और प्रबंधन की समस्या। यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड पर रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जाएगा।श्रोता टेलीफोन नम्बर-०११-२ ३ ३ १ ४ ४ ४ ४ पर सवाल पूछ सकते हैं। यह कार्यक्रम दूरदर्शन की डीटीएच सेवा पर भी उपलब्ध रहेगा।
-------
  बंबई शेयर बाजार के  शुरुआती कारोबार में आज सूचकांक में करीब १४७ अंक की वृद्धि हुई। अब से कुछ देर पहले यह ३५६ अंक बढ़कर १८ हजार ५७९ पर था।
  नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी १०४ अंक की वृद्धि के साथ ५ हजार ५८४ पर था।
  मुद्राबाजार के शुरूआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रूपया ११ पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर की कीमत ४६ रूपये ५३ सेंट बोली गयी।
 एशियाई बाजारों में आज कच्चे तेल के दाम गिरे। न्यूयार्क का लाइट स्वीट क्रूड ३१ सेंट सस्ता होकर ७४ डॉलर २९ सेंट प्रति बैरल बिका। लंदन के ब्रेंट नॉर्थ सी की कीमत भी २१ सेंट गिरकर ७६ डॉलर ४६ सेंट प्रति बैरल हो गयी।
-------
 मणिपुर में इंफाल में प्रतिबंधित पीपल्स लिबरेशन आर्मी के तीन उग्रवादियों ने अमरीकी एम-१६ राइफल और एक ए.के.-४७ राइफल तथा एक, ९ एमएम पिस्तौल सहित असम राइफल्स के दक्षिणी क्षेत्र महानिरीक्षक मेजर जनरल सी. ए. कृष्णन और मणिपुर के पुलिस महानिदेशक वाई.जयकुमार के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इस अवसर पर श्री जयकुमार ने कहा कि प्रगतिशील समाज के लिए शांति बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य की पुलिस असम राइफल्स तथा अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर विभिन्न उग्रवादी संगठनों की गतिविधियों को रोकने की कोशिश करेगी। श्री जयकुमार ने लागों से अपील की कि वे गुमराह युवकों को राष्ट्रीय मुख्यधारा में शामिल करने के इस कार्य में सहयोग करें।
-------
 अर्जेंटीना में महिला विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता में भारत ने जापान को दो शून्य से हरा दिया है। हाफ टाइम तक भारत एक शून्य से आगे था। भारत का अगला मैच कल न्यूजीलैंड से होगा। पूल-ए के अन्य मैचों में हॉलैंड ने जर्मनी को दो एक से और ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को चार एक से पराजित किया। पूल बी से अर्जेंटीना और इंग्लैंड सेमिफाइनल में पहुंच चुके हैं।
-------
 अमरीकी ओपन टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष डबल्स में रोहन बोपन्ना और एसाम उल हक कुरैशी की जोड़ी ने डेनियल नेस्टर और नेनाद जिमोनिजिच को जोड़ी को ६-३, ६-४ से हराकर अगले दौर में जगह बना ली है। मिक्सड डबल्स में लिएंडर पेस और कारा ब्लैक की जोड़ी ने रॉबर्ट लिडंस्टेट और काया कैनेपी को ६-४, ६-१ से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
-------
 उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और बस्ती मंडलों में पिछले २४ घन्टों में मस्तिष्क ज्वर से चार लोगों के मरने के बाद मृतकों की संख्या दो सौ ३५ हो गई है। हमारे लखनऊ संवाददाता ने सरकारी सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि गोरखपुर के बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मस्तिष्क ज्वर के ३७ नये रोगी भर्ती किये गए हैं।
 
इस समय पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित २६४ मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य सरकार ने इस वर्ष जून माह में मस्तिष्क ज्वर से प्रभावित सर्वाधिक चार जिलों गौरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराज गंज में मस्तिष्क ज्वर निरोधी विशेष टीकाकरण अभियान को रद्द कर दिया था।  लोगों का मानना है कि टीकारण न होने से पूर्वी उत्तर प्रदेश में हिंसेस्लाईटिस के रोगियों की संख्या पर प्रभावित नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
-------
 केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री स्वागत रॉय ने राजधानी दिल्ली के अस्पतालों में प्लेटलेट्स की कमी की खबरों का खंडन किया है। आज नयी दिल्ली में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि ब्लड बैंकों में खून की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि विभिन्न ब्लड बैंकों से आवश्यक मात्रा में प्लेटलेट्स प्राप्त करने के लिए सभी प्रबंध किये जाएंगे और किसी भी मरीज के इलाज से इंकार नहीं किया जाएगा।
 इस बीच कल डेंगू के ६९ नए मामलों की सूचना मिली है। इसे मिलाकर डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर एक हजार २९५ हो गयी है। अब तक तीन लोग डेंगू के कारण मौत के शिकार हो चुके हैं।
-------
 बांग्लादेश में एनथरेक्स रोग से प्रभावित लोगों की संख्या तीन सौ से अधिक हो गई है। रविवार को सरकार ने इस सम्बन्ध में रेड अलर्ट की घोषणा कर दी थी। कल मेहरपुर और चूआडांगा से १९ और रोगियों की खबर के बाद पिछले १५ दिनों में एनथरेक्स रोग से प्रभावित लोगों की संख्या तीन सौ २७ हो गई है। देश के छह जिले इस रोग से अधिक प्रभावित हैं।
-------
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो जीएसएलवी श्रेणी के एमके ३ प्रक्षेपण यान में उपयोग होने वाले शक्तिशाली लिक्विड कोर स्टेज इंजन का बुधवार को परीक्षण करेगा। इस प्रक्षेपण यान से चार टन भार के उपग्रह को भू.समकक्षा में पहुंचाया जा सकता है। तमिलनाडू में महेंद्र गिरि में इसका परीक्षण किया जाएगा।
-------

Feature

Apples in India

How Apples came to India?

:: Listen News ::
English
हिन्दी
ارد و
Language bulletins
FM Gold
::Read Bulletins::
समाचार प्रभात ...
समाचार संध्या ...
दोपहर समाचार ...
MORNING NEWS ...
MIDDAY NEWS ...
NEWS AT NINE ...
  Regional & NSD Language Bulletins LANGUAGE BULLETINS
 
News Based Programs
:: Daily Broadcast ::
Market Mantra Daily Broadcast ProgrammeMarket Mantra (6 September)
Spotlight/Analysis Daily Broadcast ProgrammeSpotlight/Analysis (6 September)
Samayiki Daily Broadcast ProgrammeSamayiki (6 September)
Sport Scan Daily Broadcast ProgrammeSport Scan (6 September)
:: Weekly Broadcast ::
Public Speak Weekly Broadcast ProgrammePublic Speak (6 September)
Human Face Weekly Broadcast ProgrammeHuman Face (5 September)
Current Affair Weekly Broadcast ProgrammeCurrent Affair (3 September)
Surkhiyo se pare Weekly Broadcast ProgrammeSurkhiyo se pare (2 September)
Country Wide Weekly Broadcast ProgrammeCountry Wide (2 September)
Money Talk Weekly Broadcast ProgrammeMoney Talk (31 August)
Vaad-Samvaad Weekly Broadcast ProgrammeVaad-Samvaad (31 August)
Charcha ka Vishai Hai Weekly Broadcast ProgrammeCharcha ka Vishai Hai (1 September)
Interview of the Week Weekly Broadcast ProgrammeInterview of the Week (5 September)
:: Special Broadcast ::
Tabsara Special ProgrammeTabsara (31 August)
Site Maintained by: Website cell, IT Unit, NSD, All India Radio,
New Broadcasting House,New Delhi, India.