समाचार संध्या
२०४५
- प्रधानमंत्री ने सेबी से कहा कि वह शेयर बाजारों से इनसाइडर टे्रडिंग यानी भेदिया कारोबार समाप्त करने के लिए कदम उठाए। सरकार, बाजार नियामक के अधिकार मजबूत करने के उपायों के प्रति वचनबद्ध।
- खेल मंत्रालय ने क्रिकेट में स्पॉट फिक्सिंग की बुराई दूर करने के लिए राज्यों से सुझाव मांगे।
- पाकिस्तान ने कराची की जेल से ४५ भारतीय मछुआरों को रिहा किया।
- कश्मीर के पुलवामा जिले में एक मुठभेड़ में सेना के चार जवान शहीद, हिजबुल मुजाहिद्दीन का एक आतंकवादी मारा गया।
- राष्ट्र की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए मणिपुर में विघटनकारी गुट-यू.पी.पी.के. का समर्पण।
- टेबल टेनिस में भारत की मणिका बत्रा ने पोलैण्ड में जूनियर तथा कैडेट ओपन टूर्नामेंट में रजत पदक जीता।
प्रधानमंत्री ने कहा कि घरेलू बचत को पूंजी बाजार में लाभकारी निवेश के लिए जुटाना वित्तीय क्षेत्र के सभी लोगों का लक्ष्य होना चाहिए। पिछले दशक में अर्थव्यवस्था में उच्च विकास दर का कारण उच्च बचत तथा निवेश दर थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़े पैमाने पर सूचना उपलब्ध हाने से निवेशक आज अधिक सशक्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सकल घरेलू उत्पाद की तुलना में बचत दर कम हुई है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बचत का लाभकारी निवेश करने के लिए खुदरा निवेशकों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने राजीव गांधी इक्विटी सेविंग्स स्कीम जैसे उपायों के जरिए बाजार में खुदरा निवेश आकर्षित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसके अलावा शीर्ष १५ शहरों के अलावा म्यूच्युअल फंड में निवेश को अधिक आकर्षक बनाया गया है।
उत्पादकता के इस्तेमाल में बचत को प्रेरित करने के लिए खुदरा निवेशकों को प्रतिभूतियों, बीमा उत्पादों, बैंकिंग और पेंशन उत्पादों जैसी वित्तीय संपत्तियों में निवेश के लिए प्रोत्साहन अवश्य दिया जाना चाहिए। सरकार और वित्तीय क्षेत्र के नियामकों दोनों को इसके लिए कार्रवाई करनी होंगी। मुद्रास्फीति के आधुनिकीकरण से इस प्रक्रिया में मदद मिलेगी।
पूंजी बाजार के व्यवस्थित विकास के लिए सेबी की सराहना करते हुए डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा कि उसने पूंजी बाजार का सफलतापूर्वक आधुनिकीकरण किया है और भारत में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तौर-तरीकों को लागू किया है।
सेबी अर्थ व्यवस्था के पुनर्त्थान, और निवेश से संबंधित ढांचे से और तेजी से विकास के लिए आधार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान ले सकता है। भारत को २०१२ से २०१७ की अवधि में लगभग १० खरब अमरीकी डॉलर के आधारभूत कोष की आवश्यकता होगी।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने कहा कि सेबी को निडर होकर निवेशकों के हितों की रक्षा करनी चाहिए। वित्त मंत्री ने शेयर बाजार को विनियमित करने के लिए २५ वर्षों में उठाए गए कदमों के लिए सेबी की सराहना की।
विदेश सचिव रंजन मथाई ने आज नई दिल्ली में मीडिया को बताया कि डॉक्टर मनमोहन सिंह तोक्यो में वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसमें आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होगी।
अपनी यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री बृहस्पतिवार को थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक पहुंचेंगे, जहां वे थाई नेताओं के साथ आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
अगर सांसदों के पास समय नहीं है, अगर विधायकों के पास समय नहीं है कि वह खर्चों पर गौर करें, अनुदान मांगों पर चर्चा करें, वित्त विधेयक पर विस्तार से चर्चा करें, कराधान के प्रस्तावों पर चर्चा करें तो और कौन करेगा?
इस बीच शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बी सी सी आई प्रमुख श्रीनिवासन से त्याग-पत्र देने की मांग की है। पार्टी प्रवक्ता डी. पी. त्रिपाठी ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि श्रीनिवासन संदेह के घेरे में हैं और उन्हें त्याग-पत्र देना चाहिए।
खेल मंत्रालय ने क्रिकेट में स्पॉट फिक्सिंग के मामलों से निपटने के लिए राज्यों से सलाह मांगी है। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में खेल मंत्री जितेन्द्र सिंह ने इस समस्या से निपटने के लिए लंबी अवधि की योजना बनाने की आवश्यकता बताई।
इससे जुड़े एक अन्य घटनाक्रम में आई पी एल अध्यक्ष राजीव शुक्ला और बी सी सी आई के उपाध्यक्ष अरूण जेटली ने स्पॉट फिक्सिंग के मामलों से निपटने के लिए कड़े कानून की वकालत की। नई दिल्ली में कानून मंत्री कपिल सिब्बल से मुलाकात के बाद श्री शुक्ला ने कहा कि उन्होंने कानून मंत्री से इस बारे में कानून बनाने का अनुरोध किया है।
श्री अरूण जेटली और मैं हम दोनो कानून मंत्री कपिल सिब्बल से मिले और उनसे अनुरोध किया कि मैच फिक्सिंग की प्रवृत्ति को रोकने के लिए कड़ा कानून बनाया जाना चाहिए तथा मैच फिक्सिंग में शामिल लोगों को कड़े से कड़े दंड का प्रावधान होना चाहिए।
दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि गिरतार सट्टेबाज मोहम्मद याह्या का बॉलीवुड के साथ-साथ अपराध जगत के लोगों से भी सम्पर्क था। मुम्बई निवासी याह्या को आज हैदराबाद हवाई अड्डे पर गिरतार किया गया।
आर्थिक जगत की खबरें
मुम्बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज तीस अंक बढ़कर १९ हजार सात सौ चार के स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निटी भी १७ अंक की तेजी से पांच हजार नौ सौ ८४ के स्तर पर बंद हुआ।
रूपया चार पैसे की गिरावट से छह महीने के निचले स्तर ५५ रूपये ६३ पैसे प्रति डॉलर के स्तर पर दर्ज हुआ।
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड ५० रूपये के नुकसान से २६ हजार नौ सौ ५० रूपये प्रति दस ग्राम पर दर्ज हुआ। हालांकि चांदी एक सौ रूपये की बढ़त से ४४ हजार एक सौ रूपये प्रतिकिलो ग्राम के स्तर पर दर्ज हुई।
अमरीका में कच्चे तेल के वायदा भाव नौ सेंट की गिरावट से ९४ डॉलर १६ सेंट प्रति बैरल के स्तर पर दर्ज हुए।







