----------
संसद ने विशेष सुरक्षा समूह-एस.पी.जी. संशोधन विधेयक 2019 पारित कर दिया है। राज्यसभा ने इसे आज मंजूरी दी जबकि लोकसभा इस विधेयक को पहले ही पारित कर चुकी थी।
विधेयक में प्रस्तावित संशोधन के अनुसार प्रधानमंत्री और उनके सरकारी आवास पर उनके साथ रहने वाले उनके निकट परिजनों को ही एस.पी.जी. सुरक्षा मिलेगी। विधेयक के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्रियों और उनके सरकारी आवास पर उनके साथ रहने वाले उनके परिवार के निकट सदस्यों को भी एस.पी.जी. की सुरक्षा मिलेगी, लेकिन यह केवल पांच वर्ष के लिए ही होगी।
विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि संशोधन विधेयक लाने में राजनीतिक बदले की भावना का प्रश्न ही नहीं उठता है क्योंकि एस.पी.जी सुरक्षा प्रधानमंत्री की केवल शारीरिक और संचार सुरक्षा के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांधी परिवार को पर्याप्त सुरक्षा दी गई है, हालांकि खतरे की गंभीरता का मूल्यांकन के आधार पर एस.पी.जी सुरक्षा पहले ही हटा ली गई थी। गृहमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी परिवार को असीमित समय के लिए एस.पी.जी सुरक्षा जारी नहीं रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि जेड प्लस सुरक्षा भी चौबीसों घंटे उपलब्ध रहती है।
स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप जो बना है वो प्रधानमंत्री की सिर्फ सिक्योरिटी के लिए नहीं बना। इसका बारीकी से अध्ययन करने की ज़रूरत है। वो प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत सिक्योरिटी की तो चिंता करता ही करता है। उनके कम्युनिकेशन की भी चिंता करता है। उनके पत्राचार की भी चिंता करता है। उनके आरोग्य की भी चिंता करता है। उनके कार्यालय के अंदर किसी प्रकार का बगिंग न हो इसकी भी चिंता करता है। उनके निवास पर जो कार्यालय है इसमें किसी प्रकार का बगिंग न हो इसकी भी चिंता करता है। यह सारी चिंता इसलिए करते हैं कि हमारे यहां हमारे संविधान के अंदर प्रधानमंत्री स्टेट ऑफ दी हैड हैं।
बाद में, गृहमंत्री के जवाब पर असंतोष व्यक्त करते हुए कांग्रेस, डी.एम.के और वामपंथी दलों के सदस्यों ने वाक-आउट किया।
इससे पहले, चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस के विवेक तन्खा ने विधेयक की आलोचना करते हुए कहा कि सुरक्षा जैसे संवेदनशील मामले में भी राजनीति की जा रही है।
जनता दल युनाइटेड के आर.सी.पी. सिंह और बीजू जनता दल के प्रसन्न आचार्य ने भी विधेयक का समर्थन किया।
समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव ने कहा कि कोई भी सुरक्षा खतरे की धारणा पर आधारित होनी चाहिए और इसे हैसियत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
--------------
सरकार ने कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा की सुरक्षा में चूक के बाद तीन सुरक्षाकर्मियों को निलम्बित कर दिया है। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने आज राज्यसभा में विशेष सुरक्षा समूह संशोधन विधेयक, 2019 पर चर्चा के दौरान यह जानकारी दी।
संसद ने आज दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव केन्द्रशासित प्रदेशों का विलय विधेयक -2019 पारित कर दिया। राज्यसभा ने इसे आज पारित किया जबकि लोकसभा इसे पहले ही पास कर चुकी है। इससे दोनों केन्द्रशासित प्रदेशों के लोगों को बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी तथा प्रशासनिक खर्च में भी कमी आएगी। साथ ही योजनाओं और कार्यक्रमों में भी एकरूपता होगी।
विधेयक पर चर्चा करते हुए गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने स्पष्ट किया कि इस विलय से भाषायी नीति में कोई परिवर्तन नहीं होगा।
इससे पहले बहस के दौरान कांग्रेस के मधुसूदन मिस्त्री ने प्रश्न उठाया कि दो केन्द्रशासित प्रदेशों के विलय से किस तरह प्रशासनिक क्षमता बढ़ेगी। भाजपा के विनय सहस्त्रबुद्धे और जनता दल युनाइटेड के आर सी पी सिंह ने विधेयक का समर्थन किया।
कांग्रेस की अमी याज्ञनिक, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के के के रागेश तथा अन्य सदस्यों ने भी चर्चा में हिस्सा लिया।
सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के तहत लाभार्थियों को देशभर में कहीं से भी राशन खरीदने की सुविधा उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है। यह जानकारी उपभोक्ता मामलों, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान ने आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान दी। श्री पासवान ने बताया कि इस अधिनियम के तहत पात्र परिवार या लाभार्थी देश में किसी भी उचित मूल्य दुकान से राशन प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए वे एक देश एक राशन योजना के तहत किसी भी उचित मूल्य राशन दुकान पर ईपीओएस उपकरण पर बायोमीट्रिक या आधार प्रमाणीकरण के बाद अपने राशनकार्ड से राशन खरीद सकते हैं।
झारखंड में विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण के लिए नामांकन भरने का आज अंतिम दिन था।
इस चरण में बीस दिसम्बर को छह जिलों के सोलह विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। कल नामांकन पत्रों की जांच होगी। छह दिसम्बर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
इस बीच, दूसरे और तीसरे चरण के लिए प्रचार जोरों पर है। दूसरे चरण में सात जिलों की बीस विधानसभा सीटों के लिए सात दिसम्बर को वोट डाले जाएंगे। तीसरे चरण में आठ जिलों में 17 सीटों के लिए बारह दिसम्बर को मतदान होगा।
भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन, झारखंड विकास मोर्चा सहित सभी प्रमुख दलों के बड़े नेता प्रचार में जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज खूंटी और जमशेदपुर में दो रैलियां कीं।
सभी राष्ट्रीय औऱ क्षेत्रीय पार्टियों की ओर से एक दिन में कई जन सभाओं और चुनावी रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न दलों के नेता एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने के अलावा चुनावी सभाओं में मतदाताओं से रोजगार, छात्रवृत्ति, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने और जनजातीय आबादी के जल, जंगल औऱ जमीन पर अधिकारों की रक्षा के वायदे कर रहे हैं। चुनाव आयोग शनिवार को होने वाले मतदान की तैयारियों को अंतिम रुप देने में जोर शोर से लगा हुआ है। चुनाव आयोग के विशेष पुलिस पर्यवेक्षक एम के दास ने आज सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थिति का जायजा लिया । धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार रांची।
---------------
कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों के लिए बृहस्पतिवार को होने वाले उपचुनाव का प्रचार कार्य आज शाम समाप्त हो गया। राज्य के 37 लाख 82 हजार मतदाता चार हजार 185 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
उपचुनाव होने वाले 15 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता तय करेंगे कि बी एस येदियुरप्पा कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में रहेंगे या नहीं। ऐसा भी कहा जा रहा है कि अगर बी जे पी को सरल बहुमत नहीं प्राप्त हुआ तो कांग्रेस की जे डी एस की गठबंधन सरकार वापस आ सकती है। बी जे पी नेताओं ने मतदाताओं को आश्वासन दिया है कि अगर उनके उम्मीदवार जीतकर आयें तो उन्हें मंत्री बनाया जाएगा जिससे विकास कार्य में तेज़ी आएगी। कांग्रेस और जे डी एस ने मतदाताओं से विनती की है कि पार्टी छोड़कर बी जे पी जाने वाले उम्मीदवारों पर विश्वास नहीं किया जा सकता। दिसम्बर नौ तारीख को नतीजे के दिन मतदाताओं के मन की बात समझ आएगी। सधुीन्द्रा आकाशवाणी समाचार बैंगलुरू।
------------
सघन मिशन इन्द्रधनुष-2 कल से छत्तीसगढ़ में शुरू हो गया। इस प्रतिरक्षण अभियान को राज्य में चार चरणों में चलाया जाएगा। मार्च-2020 में यह अभियान सम्पन्न होगा।
मिशन इंद्रधनुष छत्तीसगढ़ के सात जि़लों में शुरू किया गया है । इनमें आदिवासी बहुल, बस्तर संभाग के पांच जि़ले शामिल हैं। इन जि़लों के दुर्गम इलाकों में अखंड टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। अगले चार महीनों के दौरान, दो साल से कम उम्र के नब्बे प्रतिशत बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत बच्चों और गर्भवती महिलाओं को आठ बीमारियों की रोकथाम से संबंधित टीके निशुल्क लगाए जाएंगे। इस अभियान के पहले दिन ही छत्तीसगढ़ में निर्धारित लक्ष्य के 29 प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण कर दिया गया है। विकल्प शुक्ला आकाशवाणी समाचार रायपुर।
केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा है कि दिल्ली में एक हजार सात सौ इकतीस अनधिकृत कालोनियों के मकान मालिकों को सम्पत्ति का अधिकार देने से लगभग चालीस लाख लोगों को फायदा होगा। आकाशवाणी से विशेष साक्षात्कार में श्री मिश्र ने कहा कि आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि के 180 दिन के अंदर आवेदक को जमीन की रजिस्ट्री का अधिकार सौंप दिया जाएगा।
एक वन टाइम एक्सेप्सन के तौर पर कानून अलाउ करेगा कि अगर किसी के पास जी पी ए है, विल है, एग्रीमेंट ऑफ सेल है, पेमेंट एंड पोजेशन डॉक्यूमेंट है। इसके आधार पे उसके राइट्स पर रिकॉग्नाइज़ किया जाएगा।
दिल्ली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तरुण कपूर ने कहा है कि यह परिचर्चा आज रात साढ़े नौ बजे आकाशवाणी के एफ.एम. गोल्ड चैनल से सुनी जा सकती है।
जम्मू-कश्मीर में आज पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में एक महिला सहित दो नागरिक मारे गए और सात घायल हो गए। रक्षा सूत्रों ने हमारे संवाददाता को बताया कि आज दोपहर पाकिस्तानी सेना ने जिले के शाहपुर और क़स्बा सेक्टर में अग्रिम चौकियों और गांवों पर लगातार तीसरे दिन मोर्टार से गोले दागे।
-------------
भारतीय नौसेना देश के समूचे समुद्र तट पर आतंकियों की घुसपैठ रोकने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। नौसेना की पूर्वी कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल अतुल कुमार जैन ने आज विशाखापट्टनम में आईएनएस जलाश्व पर संवाददाताओं से यह बात कही।
-----------
भारत ने आज ओडिसा तट पर स्वदेश में विकसित सतह से सतह पर मार करने वाली और परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम पृथ्वी-2 मिसाइल का सफल परीक्षण किया। भारतीय सेना की सामरिक बल कमान ने यह परीक्षण किया। चांदीपुर में समेकित परीक्षण रेंज से छोड़ी गई इस मिसाइल ने 350 किलोमीटर दूर लक्ष्य साधा। रक्षा सूत्रों ने बताया कि करीब 4600 किलोग्राम वजन की यह मिसाइल 500 से 1000 किलोग्राम वजन के हथियार ले जाने में सक्षम है। इसमें तरल ईंधन से चलने वाले दो इंजन लगे हैं। परीक्षण सभी निर्धारित मानकों पर सफल रहा।
काठमांडू में 13वें दक्षिण एशियाई खेलों में आज भी भारत का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। दूसरे दिन आज भारत ने दस स्वर्ण सहित अब तक कुल 40 पदक जीत लिए है।
निशानेबाजी में आज भारत ने दो स्वर्ण पदक जीते।
एथलेटिक्स में भारत ने चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
टेबल टेनिस में भारत की पुरुष टीम ने नेपाल को और महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
वॉलीबॉल में भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्ग के खिताब जीते।
फुटबॉल में भारतीय महिला टीम ने मालदीव को 5-0 से करारी शिकस्त देकर आज अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
भारत अब तक 15 स्वर्ण, 16 रजत और 9 कांस्य पदक के साथ कुल 40 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर है। मेजबान नेपाल कुल 44 पदक के साथ शीर्ष पर है।
सरकार ने प्याज की बढ़ती कीमतों को देखते हुए खुदरा तथा थोक विक्रेताओं के लिए प्याज की अधिकतम भंडारण सीमा घटाई है। खुदरा विक्रेताओं के लिए अधिकतम सीमा दस टन से घटाकर पांच टन और थोक विक्रेताओं के लिए 50 टन से घटाकर 25 टन कर दी गई है। इसका उद्देश्य खुले बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ाना है।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने ग्राहक तक पहुंचने की पहल के तहत अक्टूबर और नवंबर के दौरान लगभग पांच लाख करोड़ रुपए के ऋण वितरित किए। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने सितम्बर में इस अभियान की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों तथा कृषि क्षेत्र में ऋण की जरूरत वाले लोगों पर विशेष ध्यान देने के साथ ऋण प्रदान करने की सुविधा बढ़ाना और अर्थव्यवस्था की जरूरतें पूरी करना है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स एक सौ 27 अंक घटकर 40 हजार छह सौ 75 पर बंद हुआ। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 54 अंक कम होकर 11 हजार नौ सौ 94 दर्ज हुआ।
राष्ट्रीय दृष्टिबाधित परिसंघ ने रेलवे की ग्रुप-डी की भर्तियों को पारदर्शिता और निष्पक्षता तथा दिव्यांगों के साथ न्याय करने के लिए एन.डी.ए सरकार और रेल मंत्री पीयूष गोयल के प्रति आभार व्यक्त किया है। नई दिल्ली में आज परिसंघ के महासचिव एस के रूंगटा ने सरकार से दिव्यांगो के लिए आरक्षित एक प्रतशित रिक्त पदों से अधिक पदों पर नियुक्ति करने की लोकोमोटर दिव्यांगों की मांग नहीं मानने का अनुरोध किया।
देश में आज अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस मनाया गया। इसका मुख्य विषय था - दिव्यांगजनों और उनके नेतृत्व की भागीदारी को प्रोत्साहन। नगालैंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम कोहिमा में आयोजित किया गया।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि कुट्टू का उपयोग बढ़ाने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद - आईसीएआर ने कुट्टू की पांच पौष्टिक किस्में विकसित की हैं।
लोकसभा में आज एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कृषि मंत्री ने कहा कि नीलगिरि और पलानी पहाड़ियों सहित उत्तरी और पूर्वोत्तर राज्य के लगभग 25 हजार आठ सौ हेक्टेयर पर्वतीय क्षेत्रों में कुट्टू की खेती की जाती है।
-------
देश में कोरोनरी स्टेंट की कीमतों पर नियंत्रण के बाद ये 85 प्रतिशत तक सस्ती हो गई है। राष्ट्रीय औषध मूल्य प्राधिकरण ने 2017 और 2018 में इन स्टेंट की अधिकतम कीमतें तय कर दी थीं। लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री मनसुख लाल मंडाविया ने कहा कि कोरोनरी स्टेंट की कीमतें तय किए जाने के कारण जनता को सालाना पैंतालीस अरब सैंतालीस करोड़ रुपये की बचत हुई।