12-09-2019
समाचार संध्या
2045
-----------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज झारखंड के रांची में प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना की शुरूआत की। इस योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों को 60 वर्ष की आयु होने पर तीन हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। पूरे देश में पांच करोड़ और झारखंड में दस लाख किसान इस योजना से लाभांवित होंगे। इस योजना में अगले तीन वर्ष के लिए दस हजार 774 करोड़ रुपए रखे गए हैं। झारखंड में इस योजना के तहत अभी तक एक लाख 16 हजार से ज्यादा किसान पंजीकरण करा चुके हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने व्यापारियों और स्व रोजगार करने वाले लोगों के लिए राष्ट्रीय पेंशन योजना की भी शुरूआत की। इस योजना का उद्देश्य इन लोगों को 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर कम से कम तीन हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन उपलब्ध कराना है। इससे लगभग तीन करोड़ छोटे व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले एक सौ दिन में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाकर लोगों के विकास के कई कदम उठाये गए हैं। देश से आतंकवाद को समूल नष्ट किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड कई बड़ी परियोजनाएं शुरू करने का स्थान रहा है, जिससे गरीबों और जनजातीय लोगों को लाभ मिलेगा।
देश को बनाने में जिनकी बहुत बड़ी भूमिका है, ऐसे समाज के सभी वर्गों को बढ़ापे में मुसीबत में जीना न पड़े, उसकी गारंटी ये पेंशन योजना लेकर के आयी है। पूरे देश के छोटे किसानों, दुकानदारों, व्यापारियों, कारोबारियों से आग्रह करूंगा कि इन योजनाओं का आप लाभ जरूर उठाइएं।
प्रधानमंत्री ने लोगों से प्लास्टिक की वस्तुओं के उपयोग का बहिष्कार करने को कहा। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण अभियान में सहयोग मांगा।
श्री मोदी ने डिजिटल कम्युनिकेशन सिस्टम के जरिये राज्य के साहिबगंज में निर्मित देश के दूसरे नदी जल मल्टी मॉडल टर्मिनल का उद्घाटन भी किया। इसकी लागत 290 करोड़ रुपए है। इससे बिहार और झारखंड के उद्योगों को विश्व बाजार से जोड़ा जा सकेगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने झारखंड विधानसभा के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया और झारखंड सचिवालय के भवन की आधारशिला भी रखी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में 462 एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल परियोजना की शुरूआत की, जिसमें से 69 झारखंड में होंगे।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि झारखंड समेत देशभर में जनजातीय समुदाय के बच्चों के कौशल को निखारने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए 462 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे जनजातीय समुदाय के बच्चों को बड़ा लाभ होगा। सरकार इस समुदाय के बच्चों के कौशल विकास और शिक्षा पर सालाना एक लाख रूपए से अधिक राशि खर्च करेगी। श्री मोदी ने यह भी कहा कि इन स्कूलों से निकलने वाले बच्चे नए भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से अफरोज आलम।
केन्द्र में एनडीए सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले एक सौ दिन में कई नये कार्यक्रम शुरू किये गये हैं। मोदी सरकार के इन नई प्रयासों की दुनियाभर में सराहना हुई।
संयुक्त राष्ट्र बाल कोष यूनिसेफ ने एक अध्ययन में कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की बदौलत भूजल के दुषित होने में कमी आयी है। देश के कई राज्य खुले में शौच से मुक्त होने पर यूनिसेफ ने भारत की प्रशंसा की। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने एक अध्ययन में कहा कि भारत खुले में शौच से मुक्त होने पर स्वच्छ भारत मिशन तीन लाख से अधिक जिंदगियां बचा पाने में समर्थ होगा। विश्व बैंक ने अपनी एक रिपोर्ट में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे इसने गतिशीलता में सुधार किया है, आर्थिक अवसरों तक पहुंच बढ़ायी है और स्कूल में बच्चों की उपस्थिति को बढ़ाया है। भारत में सड़क संपर्क में सुधार से कृषि से गैर कृषि रोजगार में बदलाव आया है। लिंग अनुपात में वृद्धि के लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पहल की भी प्रशंसा की गई। भारत द्वारा संविधान से अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के फैसले को कई अंतर्राष्ट्रीय संगठन जी-7, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, प्रमुख शक्तियां रूस, अमरीका, ब्रिटेन, फांस ने समर्थन किया। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
भारत ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में कश्मीर मामले पर ध्रुवीकरण और इसका राजनीतिकरण करने का पाकिस्तान का प्रयास विफल कर दिया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने मानवाधिकार परिषद में देश का दृष्टिकोण दृढ़ता से रखा और पाकिस्तान के झूठ और गलतबयानी का सटीक जवाब दिया।
पाकिस्तान ने इस मामले का ध्रुवीकरण और राजनीतिकरण करने का प्रयास किया था, जिसे पूरी तरह से विफल कर दिया गया है। समूचे वैश्विक समुदाय को स्पष्ट रूप से मालूम है कि आतंकवादियों को प्रशिक्षित करने, बढ़ावा देने और पनाह देने में पाकिस्तान की बड़ी भूमिका है।
जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर रवीश कुमार ने कहा कि राज्य में दवाईयों की कोई कमी नहीं है और 95 प्रतिशत स्वास्थ्य सेवा कर्मचारी ड्यूटी पर हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के 92 प्रतिशत हिस्से में कोई पाबन्दी नहीं है।
करतारपुर कॉरिडार पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि पड़ोसी देश का इस परियोजना पर लचीला रूख नहीं है।
पाकिस्तान ने प्रति तीर्थयात्री बीस डॉलर का सेवा शुल्क लगाने पर जोर दिया है। इस पर पहले चर्चा नहीं की गई थी। हमने इस बारे में दोबारा विचार करने के लिए उससे अनुरोध किया है। हमारा कहना है कि तीर्थयात्रा श्रद्धालुओं की आस्था का विषय है और अगर कोई वहां दर्शन करने जाता है तो उस पर आप ऐसा शुल्क नहीं लगा सकते हैं।
कुलभूषण जाधव से सम्बन्धित पाकिस्तान के एक बयान पर रवीश कुमार ने कहा कि भारत इस मामले में अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय के फैसले को लागू करने पर जोर देता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत इस मामले पर पाकिस्तान के साथ कूटनीतिक सम्पर्क बनाये रखना चाहेगा।
जमियत उलेमा-ए-हिन्द ने कहा है कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और घाटी के लोगों का कल्याण भारत के साथ एकीकरण में निहित है। लगभग एक करोड़ भारतीय मुसलमानों का समर्थन प्राप्त करने वाले जमायत ने कहा कि किसी भी तरह का अलगाववादी विचार न केवल भारत बल्कि कश्मीर के लोगों के लिए भी हानिकारक है। नई दिल्ली में आज जमीयत की सालाना बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया गया और कहा गया कि पाकिस्तान और कुछ भारत विरोधी ताकतें कश्मीर को तबाह कर रही हैं। कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और सभी कश्मीरी भारतीय हैं।
बाद में संवाददाताओं को सम्बोधित करते हुए जमायत के महासचिव मौलाना महमूद मदनी ने पाकिस्तान के उस प्रयास को खारिज कर दिया, जिसमें दुनिया को दिखाया जा रहा है कि कश्मीर मुद्दे पर भारतीय मुसलमानों का अलग दृष्टिकोण है।
हमारा पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान दुनियाभर को यह दिखाने की कोशिश कर रहा है, भारत के खिलाफ, ये है कि भारत के मुसलमानों को इसमें पार्टी बनाने की कोशिश हो रही है। हम इसको कंडम करते हैं। भारत का मुसलमान कोई तीसरी पार्टी नहीं है। भारत का मुसलमान भारतीय है, भारत के साथ है, अपने देश के साथ है।
थलसेना अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने कहा है कि हमारी सेनाएं पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर - पीओके में किसी भी तरह की कार्रवाई के लिए हमेशा तैयार हैं और इस मुद्दे पर निर्णय लेना सरकार पर निर्भर है। जनरल रावत आज उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
जम्मू कश्मीर की जो जनता है उनको यह समझना जरूरी है कि जो भी कुछ हो रहा है, वो उनके फायदे के लिए हो रहा है। 370 को हटाया गया है, वो हमारे ही देश के लोग हैं, वो हमारे ही देश का प्रांत है और इसके लिए जरूरी था कि स्थानीय कार्रवाई की जाए। अब जिस तरह की सहुलियत जम्मू-कश्मीर की आवाम को होगी, वो जब उसको देखेंगे तभी समझेंगे। हम चाहते हैं कि जम्मू कश्मीर के जो नागरिक हैं। अमन, शांति बहाल करने में सुरक्षा बल, वहां के एडमिनिस्ट्रेशन और बाकी जो भी अन्य संस्थाएं हैं, उनको एक मौका दें।
जम्मू कश्मीर में एक ट्रक से हथियार बरामद किए गए। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कठुआ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीधर पाटिल ने बताया है कि ट्रक से कई एके-56 और एके-47 राइफलें मैग्ज़ीन और कारतूस बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि जैशे मोहम्मद से जुड़े इन तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि अनुच्छेद-370 हटने के बाद जम्मू कश्मीर में पंचायतों को स्वायत्तता दी गई है और उन्हें सशक्त बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से जमीनी स्तर के नेताओं का मनोबल बढ़ा है। नई दिल्ली में आज जम्मू कश्मीर के सरपंचों से बातचीत करते हुए जितेन्द्र सिंह ने कहा कि केन्द्र का अनुदान सीधा पंचायतों को दिया जा रहा है, जिससे उनका विकास होगा।
आज अनंत चतुर्दशी का त्योहार मनाया जा रहा है। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही दस दिन का गणपति उत्सव संपन्न हो जाएगा। मुंबई में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन आज सुबह से शुरू हो चुका है और इसके कल सुबह तक पूरा होने की उम्मीद है।
पुणे से हमारे संवाददाता ने बताया है कि भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन जुलूस आज सुबह शुरू हुआ।
ढोल ताशा के ताल पर नाचती गाती भीड पुणे के रास्तों पर उमड पडी है। आज सुबह लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा को अभिवादन करने के बाद गणपती विसर्जन का जुलूस शुरू हुआ। पुणे के सबसे अहम गणपती मंडल कसबा, तांबडी जोगेश्वरी, गुरुजी तालीम, तुलसीबाग तथा केसरीवाडा की मुर्तियां सबसे आगे थीं। सार्वजनिक गणेशोत्सव मे शताब्दी से अधिक समय से शामिल इन मंडलों के गणेशजी की सवारी जहां जहां से गुजरी गणपती बप्पा मोरया पुढच्या वर्षी लवकर या के नारे सुनाई दे रहे थे। नीतीन केलकर, आकाशवाणी समाचार के लिए पुणे।
भारत के सिरिल वर्मा और सौरभ वर्मा ने हो चि मिन्ह में वियतनाम ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरुष सिंगल्स के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। 97वीं वरीयता प्राप्त सिरिल ने 22वीं वरीयता प्राप्त मलेशिया के ल्यू डेरेन को हराया। अब उनका सामना चीनी क्वालीफायर ली लेन षी से होगा।
एक अन्य मैच में सौरभ वर्मा ने जापान के कोडाई नाराओका को हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बी.सी.सी.आई. ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले तीन टेस्ट मैचों की गांधी-मंडेला श्रंखला के लिए टीम की घोषणा कर दी है।